IND vs NZ ICC Knockout Head to Head: क्रिकेट की दुनिया में जब भी भारत और न्यूजीलैंड की टीमें आमने-सामने होती हैं, तो मुकाबला और भी रोमांचक हो जाता है। आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 कि खिताबी जंग के लिए एक बार फिर टीम इंडिया और ब्लैककैप्स (New Zealand) आमने सामने होने वाली है।
क्रिकेट फैंस के मन में यह सवाल जरूर है कि आईसीसी टूर्नामेंट्स के इतिहास में अब तक ये दोनों टीमें फाइनल में कितनी बार टकराई हैं और किसका पलड़ा भारी रहा है। तो आइए जानते है इसके बारे में-
आईसीसी फाइनल में भारत और न्यूजीलैंड: अब तक का सफर
1. 2000 आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी (तब आईसीसी नॉकआउट टूर्नामेंट)
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला आईसीसी फाइनल साल 2000 में केन्या के नैरोबी में खेला गया था। सौरव गांगुली की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 264 रन बनाए थे। जवाब में न्यूजीलैंड ने क्रिस केर्न्स के शानदार शतक की बदौलत यह मैच 4 विकेट से जीत लिया था। यह न्यूजीलैंड का पहला आईसीसी खिताब था।
2. 2021 वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) फाइनल
तकरीबन 21 साल बाद दोनों टीमें आईसीसी के किसी बड़े फाइनल में टकराईं। यह मौका था पहली बार आयोजित हुई वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का। साउथेम्प्टन में खेले गए इस ऐतिहासिक मैच में केन विलियमसन की कप्तानी वाली कीवी टीम ने विराट कोहली की सेना को 8 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया। एक बार फिर कीवी टीम भारत पर भारी पड़ी।
3. 2025 आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल
आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का फाइनल भी भारत और न्यूजीलैंड के बीच दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला गया था। इस खिताबी मुक़ाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हरा कर साल 2000 आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में मिली हार का बदला लिया। यह पहली बार था जब भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को किसी आईसीसी नॉकऑउट मुकाबले में हराया था।
अगर हम इतिहास के पन्नों को पलटे तो भारत और न्यूजीलैंड की टीमें आईसीसी टूर्नामेंट्स के खिताबी मुकाबलों में अब तक कुल 3 बार (टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल से पहले तक) आमने-सामने आ चुकी हैं। जिसमें से दो न्यूजीलैंड ने तो एक भारत ने जीता है। अब देखना होगा कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 में होने वाले खिताबी मुकाबले में कौन-सी टीम बाजी मारती है।
अगर हम सिर्फ फाइनल ही नहीं, बल्कि आईसीसी नॉकआउट (सेमीफाइनल और फाइनल मिलाकर) की बात करें तो दोनों ही टीमें बराबरी पर है:
2019 वनडे वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल एक बार फिर से टीम इंडिया का सामना न्यूजीलैंड से था। मैनचेस्टर में खेले गए इस सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने भारत को 18 रनों से हरा कर विराट कोहली का अपनी कप्तानी में वर्ल्ड कप जीतने के सपने पर पानी फेर दिया था।
4 साल बाद एक बार फिर से दोनों टीमें वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल एक दूसरे के सामने थी। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए 2023 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर 2019 में मिली हार का बदला लिया था और फाइनल में जगह बनाई थी। हालाँकि फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया को ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।

Comments (0)