Will MS Dhoni Received IPL 2026 Salary: आईपीएल 2026 का सीजन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और उनके करोड़ों फैंस के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा। ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी वाली सीएसके 21 मई को गुजरात टाइटंस के हाथों हारकर टूर्नामेंट से बाहर (Eliminate) हो गई। लेकिन इस पूरे सीजन में जिस एक चीज ने फैंस का दिल सबसे ज्यादा तोड़ा, वो था 'थाला' यानी महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) का मैदान पर न उतरना।
CSK MS Dhoni Injury: काफ इंजरी (Calf Injury) के चलते धोनी इस सीजन में सीएसके के लिए एक भी मुकाबला नहीं खेल पाए। उम्मीद थी कि अगर टीम प्लेऑफ में पहुंचती तो माही मैदान पर दिख सकते थे, लेकिन सीएसके का सफर पहले ही थम गया। अब फैंस के मन में सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि क्या बिना कोई मैच खेले भी धोनी को करोड़ो रुपये की सैलरी (MS Dhoni IPL 2026 Salary) मिलेगी, या फिर उनकी फीस काट ली जाएगी? आइए आपको बताते हैं आईपीएल का वो नियम जो इस सस्पेंस से पर्दा उठाता है।
क्या एमएस धोनी को मिलेगा एक भी पैसा?
आपको बता दें कि आईपीएल 2026 के मेगा ऑक्शन से पहले चेन्नई सुपर किंग्स ने एमएस धोनी को 'अनकैप्ड प्लेयर' (Uncapped Player) के नियम के तहत 4 करोड़ रुपये की कीमत में रिटेन किया था।
अब चौकाने वाली बात यह है कि बिना एक भी गेंद खेले धोनी को यह ₹4 करोड़ की पूरी रकम मिलेगी! जी हां, उनके बैंक अकाउंट में एक भी रुपये की कटौती नहीं की जाएगी।
क्या कहता है IPL सैलरी का यह अनोखा नियम?
IPL Player Salary Rules: आईपीएल के नियमों के मुताबिक, अगर कोई खिलाड़ी अपनी फ्रेंचाइजी के लिए पूरे सीजन के दौरान टीम के साथ उपलब्ध रहता है, लेकिन इंजरी (चोट) या बीमारी की वजह से प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं बन पाता, तो उस स्थिति में फ्रेंचाइजी खिलाड़ी की सैलरी नहीं काट सकती। खिलाड़ी को उसके कॉन्ट्रैक्ट की पूरी रकम दी जाती है। धोनी भी पूरे सीजन टीम के साथ बने रहे और नेट प्रैक्टिस में पसीना बहाते दिखे, इसलिए वह पूरी सैलरी के हकदार हैं।
फ्रेंचाइजी को नहीं होता नुकसान, 'बीमा' करता है भरपाई
अब आप सोच रहे होंगे कि बिना मैच खेले खिलाड़ी को पैसे देने से फ्रेंचाइजी का तो भारी नुकसान हो जाएगा? तो ऐसा बिल्कुल नहीं है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आईपीएल में हिस्सा लेने वाले हर एक खिलाड़ी का भारी-भरकम 'प्लेयर इंश्योरेंस' (बीमा) कराया जाता है। किसी खिलाड़ी के चोटिल या बीमार होने पर उसकी सैलरी की भरपाई इंश्योरेंस कंपनी करती है। इससे फ्रेंचाइजी की जेब पर कोई अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ता।
लेकिन... इस मोटी रकम से महरूम रह गए माही!
भले ही धोनी को ₹4 करोड़ की रिटेंशन प्राइज पूरी मिल रही हो, लेकिन वह एक अन्य बड़ी रकम से महरूम रह गए हैं। दरअसल, आईपीएल 2025 से बीसीसीआई ने एक नया नियम लागू किया था, जिसके तहत प्लेइंग इलेवन या इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में मैच खेलने वाले हर खिलाड़ी को 7.5 लाख रुपये प्रति मैच की 'मैच फीस' दी जाती है। चूंकि धोनी ने इस सीजन में एक भी मैच नहीं खेला, इसलिए उन्हें इस मैच फीस का एक भी रुपया नहीं मिलेगा।
एक नजर एमएस धोनी के आईपीएल करियर पर:
भले ही यह सीजन धोनी के लिए मैदान से दूर रहा हो, लेकिन आईपीएल इतिहास में उनके आंकड़े किसी मिसाल से कम नहीं हैं:
कुल मैच: 278
कुल पारियां: 242
कुल रन: 5439
अर्धशतक: 24
हाईएस्ट स्कोर: 84* रन
भले ही सीएसके इस बार एलिमिनेट हो गई हो, लेकिन फैंस यही दुआ कर रहे हैं कि 'थाला' अगले सीजन में एक बार फिर पूरी तरह फिट होकर मैदान पर दहाड़ते हुए नजर आएं।

Comments (0)