Vijay Shankar Retirement: भारत के ऑलराउंडर Vijay Shankar ने घरेलू क्रिकेट और IPL से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। 35 साल के विजय शंकर ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर कर अपने फैसले की जानकारी दी।
विजय शंकर ने कहा कि अब वह क्रिकेट में नए मौके तलाशना चाहते हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि वह आने वाले समय में विदेशी T20 लीग्स में खेलते नजर आ सकते हैं।
अपने पोस्ट में उन्होंने लिखा कि क्रिकेट उनकी जिंदगी का सबसे बड़ा हिस्सा रहा है। उन्होंने 10 साल की उम्र से क्रिकेट खेलना शुरू किया था और भारत के लिए खेलना उनके करियर का सबसे गर्व वाला पल रहा। पोस्ट के आखिर में उन्होंने लिखा — “Your 3D Cricketer, Vijay Shankar.”
2019 World Cup के दौरान चर्चा में आए थे विजय शंकर
विजय शंकर सबसे ज्यादा चर्चा में 2019 World Cup के दौरान आए थे। उस समय भारतीय टीम में Ambati Rayudu की जगह उन्हें मौका मिला था।
तब चीफ सेलेक्टर ने उन्हें “3D Player” कहा था, यानी ऐसा खिलाड़ी जो बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग तीनों में योगदान दे सके। इसके बाद सोशल मीडिया पर “3D Cricketer” काफी वायरल हुआ था।
विजय शंकर ने भारत के लिए 12 वनडे और 9 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले। World Cup 2019 में पाकिस्तान के खिलाफ मैच में उन्होंने अपनी पहली ही गेंद पर विकेट लिया था, जिसे उनके करियर का यादगार पल माना जाता है।
ट्रोलिंग और आलोचना पर भी बोले
संन्यास के ऐलान के दौरान विजय शंकर ने ट्रोलिंग और आलोचनाओं पर भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि करियर में उन्हें काफी नेगेटिविटी और नफरत का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने हमेशा उसे नजरअंदाज कर आगे बढ़ने की कोशिश की।
उन्होंने फैंस को संदेश देते हुए कहा कि हमेशा पॉजिटिव सोचें और मेहनत करते रहें।
IPL में कई टीमों के लिए खेले
Chennai Super Kings, Sunrisers Hyderabad, Delhi Capitals और Gujarat Titans जैसी टीमों के लिए खेलने वाले विजय शंकर ने IPL में 78 मैच खेले।
वह 2022 में IPL जीतने वाली गुजरात टाइटंस टीम का भी हिस्सा थे। हालांकि IPL 2026 की नीलामी में वह अनसोल्ड रहे थे।
घरेलू क्रिकेट में शानदार रिकॉर्ड
विजय शंकर ने 2012 में तमिलनाडु के लिए घरेलू क्रिकेट में डेब्यू किया था। उन्होंने लगभग 13 साल तक तमिलनाडु के लिए क्रिकेट खेला। बाद में 2025-26 सीजन से वह त्रिपुरा टीम से जुड़े थे। घरेलू क्रिकेट में विजय शंकर का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उन्होंने 77 मैचों में 4253 रन बनाए, जिसमें 13 शतक शामिल हैं। इसके अलावा उन्होंने लिस्ट-ए क्रिकेट में 2790 रन और 73 विकेट लिए, जबकि टी20 क्रिकेट में 2583 रन बनाए।

Comments (0)