Back to News

T20 World Cup 2026: संजू सैमसन की तूफानी पारी से भारत पहुँचा सेमीफाइनल में! इंग्लैंड से होगी भिड़ंत

IND vs WI Super 8 T20 World Cup 2026: रविवार को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए महा-मुकाबले में टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराकर ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। जहाँ उसे इंग्लैंड की टीम से टक्कर लेनी है। आपको बता दे की इस जीत के साथ भारत ने T20 वर्ल्ड कप इतिहास में रिकॉर्ड 6वीं बार सेमीफाइनल या उससे आगे का सफर तय किया है।

भारत बनाम वेस्टइंडीज (West Indies vs India) के बीच खेला गया आज का मुकाबला दोनों ही टीमों के लिए करो या मरो जैसा था। जो भी टीम इस मुकाबले में जीतता, वो सीधे सेमीफाइनल में पहुंचता और हारने वाली टीम को सीधे अपने घर वापस जाना पड़ता।

वेस्टइंडीज ने रखा 196 रनों का टारगेट

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 195 रन बनाए। शुरुआत में शाई होप (32) और रोस्टन चेज़ (40) ने टीम को अच्छी स्टार्ट दी। बीच में शिमरोन हेटमायर (27) ने कुछ बड़े शॉट्स लगाए, लेकिन जसप्रीत बुमराह की घातक गेंदबाजी ने वेस्टइंडीज को 102/2 से 119/4 तक गिरा दिया। बुमराह ने एक ही ओवर में हेटमायर और चेज़ दोनों को आउट कर मैच का रुख बदल दिया।

हालांकि आखिरी ओवरों में जेसन होल्डर और रोवमैन पॉवेल ने जमकर बल्लेबाजी की और टीम को 195 तक पहुंचाया।

संजू सैमसन – एक पारी जो याद रहेगी

196 रनों का पीछा करते हुए इंडिया को एक हीरो की ज़रूरत थी, और संजू सैमसन ने वो किरदार बखूबी निभाया। सैमसन ने सिर्फ 50 गेंदों में नाबाद 97 रन ठोके, जिसमें 12 चौके और 4 छक्के शामिल थे। ये T20 वर्ल्ड कप में किसी भारतीय बल्लेबाज़ द्वारा चेज़ में सबसे बड़ी पारी बन गई।

सैमसन ने तीसरे ओवर में ही अपना इरादा साफ कर दिया था जब उन्होंने अकील हुसैन के एक ओवर में 17 रन लूटे। हालांकि पावरप्ले में अभिषेक शर्मा और ईशान किशन जल्दी आउट हो गए और इंडिया 53/2 पर थी। लेकिन सैमसन ने सूर्यकुमार यादव (58 रन की साझेदारी) और तिलक वर्मा (42 रन की साझेदारी) के साथ मिलकर मैच पर पूरा कंट्रोल बना लिया।

आखिर में सैमसन ने ही जीत का चौका भी लगाया, मिड-ऑन के ऊपर से गेंद को बाउंड्री तक पहुंचाकर। इंडिया ने 19.2 ओवर में 5 विकेट खोकर 199 रन बनाकर मैच जीत लिया।

T20 वर्ल्ड कप में भारत का सेमीफाइनल रिकॉर्ड – 6 बार लास्ट-4 में

T20 वर्ल्ड कप 2007 में शुरू हुआ था और तब से अब तक 10 एडिशन हो चुके हैं। इनमें से भारत 6 बार सेमीफाइनल या उससे आगे पहुंचा है, जो एक शानदार रिकॉर्ड है:

2007 (साउथ अफ्रीका) – धोनी की कप्तानी में पहला T20 वर्ल्ड कप जीता। फाइनल में पाकिस्तान को 5 रनों से हराया।

2014 (बांग्लादेश) – फाइनल तक पहुंचे लेकिन श्रीलंका से 6 विकेट से हार गए। विराट कोहली ने 319 रन बनाकर टूर्नामेंट में सबसे ज़्यादा रन बनाए।

2016 (भारत)– सेमीफाइनल में वेस्टइंडीज से हारे। वेस्टइंडीज ने उस साल टूर्नामेंट जीता।

2022 (ऑस्ट्रेलिया) – सेमीफाइनल में इंग्लैंड से 10 विकेट से करारी हार मिली।

2024 (वेस्टइंडीज/अमेरिका) – रोहित शर्मा की कप्तानी में दूसरा T20 वर्ल्ड कप खिताब जीता। फाइनल में साउथ अफ्रीका को 7 रनों से हराया। पूरे टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं हारे।

2026 (भारत/श्रीलंका) – सुपर-8 में वेस्टइंडीज को हराकर सेमीफाइनल में पहुंचे। अब इंग्लैंड से भिड़ंत होगी।

बाकी 4 एडिशन (2009, 2010, 2012, 2021) में भारत सेमीफाइनल तक नहीं पहुंच पाया था।

इंग्लैंड से होगा सेमीफाइनल

T20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल का शेड्यूल इस तरह है:

पहला सेमीफाइनल – साउथ अफ्रीका बनाम न्यूज़ीलैंड, 4 मार्च, ईडन गार्डन्स, कोलकाता

दूसरा सेमीफाइनल – भारत बनाम इंग्लैंड, 5 मार्च, वानखेड़े स्टेडियम, मुंबई

फाइनल – 8 मार्च, नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद

दिलचस्प बात ये है कि 2024 के T20 वर्ल्ड कप में भी भारत ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 68 रनों से हराया था। तो ये दोबारा उसी मुकाबले की री-मैच होगी। इंग्लैंड इस टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में है और सुपर-8 के तीनों मैच जीतकर ग्रुप 2 में टॉप पर रही है।

क्या भारत खिताब बचा पाएगा?

T20 वर्ल्ड कप के इतिहास में अब तक कोई भी टीम अपना खिताब नहीं बचा पाई है। भारत के सामने ये बड़ी चुनौती है। साथ ही कोई भी टीम अपने घर में T20 वर्ल्ड कप नहीं जीत पाई है। लेकिन अगर कोई टीम ये दोनों रिकॉर्ड तोड़ सकती है, तो वो मौजूदा भारतीय टीम ही है।

सैमसन की फॉर्म, बुमराह की घातक गेंदबाजी, और अर्शदीप सिंह का सपोर्ट – ये सब मिलकर भारत को एक मज़बूत दावेदार बनाते हैं। टूर्नामेंट में साउथ अफ्रीका से हार के बाद टीम ने जिस तरह वापसी की, वो दिखाता है कि इस टीम में कितना दम है।

मुंबई के वानखेड़े में 5 मार्च को जब भारत और इंग्लैंड आमने-सामने होंगे, तो पूरा देश एक बार फिर टीवी स्क्रीन से चिपका होगा। उम्मीद है कि टीम इंडिया एक बार फिर करोड़ों फैंस का दिल जीतेगी।

Text Size:16px

Comments (0)

No comments yet. Be the first to share your thoughts!