Back to News

Afghanistan New T20 Captain: राशिद खान से छिनी गई कप्तानी, अब इब्राहिम जादरान करेंगे टीम की अगुवाई

Ibrahim Zadran Replaces Rashid Khan as Afghanistan's T20I Captain: अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने श्रीलंका के खिलाफ खेले जाने वाली टी20 सीरीज से पहले टी20 इंटरनेशनल (T20I) टीम की कप्तानी से स्टार लेग-स्पिनर राशिद खान को कप्तानी से हटा दिया है।

अब बोर्ड ने उनकी जगह सलामी बल्लेबाज इब्राहिम जादरान को टी20 टीम की कमान सौंपी है। बोर्ड ने यह फैसला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद लिया है।

हाल ही में भारत और श्रीलंका में खेले जा रहे टी20 विश्व कप 2026 में अफगानिस्तान की टीम ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गई। टीम को लगातार दो मुकाबलों में न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका से करारी हार का सामना करना पड़ा जिसकी वजह से टीम सुपर-8 में अपनी जगह बनाने में नाकाम रही।

जिसके बाद से बोर्ड ने टीम के नेतृत्व के बारे सोचना शुरू कर दिया था। टी20 विश्व कप 2026 में उप-कप्तान की भूमिका निभा रहे इब्राहिम जादरान पर बोर्ड ने भरोसा जताते हुए उन्हें टीम का नेतृत्व सौपा है। अब देखना होगा की इब्राहिम जादरान की कप्तानी में टीम कहाँ तक जा सकती है।

ACB ने क्या कहा?

अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के मुख्य चयनकर्ता अहमद शाह सुलेमानखिल ने इस बदलाव पर बयान जारी करते हुए कहा, "राशिद खान के कार्यकाल में टीम ने अपार सफलताएं हासिल कीं, विशेष रूप से 2024 टी20 विश्व कप का सफर जब हम सेमीफाइनल तक पहुंचे थे।

लेकिन ACB के दीर्घकालिक रणनीतिक दृष्टिकोण और टीम प्रबंधन में नए मुख्य कोच की नियुक्ति जैसे हालिया बदलावों को ध्यान में रखते हुए, हमने टी20 टीम के नेतृत्व में बदलाव का यह सोच-समझकर निर्णय लिया है।"

बोर्ड ने राशिद खान के योगदान के लिए उनका आभार व्यक्त किया और इब्राहिम जादरान को उनकी नई भूमिका के लिए शुभकामनाएं दीं।

श्रीलंका सीरीज के लिए टीम में बड़े बदलाव

कप्तानी में बदलाव के अलावा टीम से कुछ बड़े नाम भी बाहर किए गए हैं। टी20 वर्ल्ड कप 2026 का हिस्सा रहे प्रमुख तेज गेंदबाज फजलहक फारूकी, अनुभवी ऑलराउंडर गुलबदीन नायब और विकेटकीपर-बल्लेबाज मोहम्मद इशाक को श्रीलंका के खिलाफ इस सीरीज के लिए टीम में जगह नहीं मिली है।

इनकी जगह चयनकर्ताओं ने कुछ नए और युवा चेहरों पर भरोसा जताया है। टॉप-ऑर्डर विकेटकीपर-बल्लेबाज नूर रहमान, लेफ्ट-आर्म स्पिन ऑलराउंडर शराफुद्दीन अशरफ और तेज गेंदबाज फरीद अहमद मलिक को टी20 स्क्वाड में शामिल किया गया है।

यूएई (UAE) में खेली जाएगी सीरीज

अफगानिस्तान और श्रीलंका के बीच यह महत्वपूर्ण वाइट-बॉल सीरीज 13 मार्च 2026 से संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में शुरू होने जा रही है। सीरीज की शुरुआत शारजाह में तीन वनडे मैचों से होगी, जिसके बाद दुबई में तीन मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी।

फैंस की नजरें अब इस बात पर टिकी होंगी कि नए कप्तान इब्राहिम जादरान और नए मुख्य कोच रिचर्ड पायबस के नेतृत्व में अफगान टीम कैसी वापसी करती है।

Text Size:16px

Comments (0)

No comments yet. Be the first to share your thoughts!