Back to News

T20 World Cup 2026: जिम्बाब्वे का बड़ा दांव वर्ल्ड कप से पहले टीम में लौटे पुराने शेर, पाकिस्तानी मूल के रजा बने कप्तान

Zimbabwe Squad for T20 World Cup 2026: क्रिकेट अक्सर आंकड़ों और रिकॉर्ड्स का खेल माना जाता है, लेकिन कभी-कभी यह मानवीय जज्बे की ऐसी कहानियां लिखता है जो सीमाओं के बंधन तोड़ देती हैं। जब 2026 टी20 वर्ल्ड कप का बिगुल भारत और श्रीलंका में बजेगा, तो जिम्बाब्वे की टीम एक अनोखी उम्मीद के साथ मैदान पर उतरेगी।

जिम्बाब्वे क्रिकेट बोर्ड ने जिस 15 सदस्यीय दल का ऐलान किया है, उसकी सबसे दिलचस्प बात उसका 'कप्तान' है। टीम की कमान 39 वर्षीय सिकंदर रजा को सौंपी गई है—वही रजा जिनका जन्म पाकिस्तान के सियालकोट में हुआ था, लेकिन तकदीर उन्हें हरारे ले आई, जहाँ आज वे जिम्बाब्वे क्रिकेट की सबसे बड़ी पहचान बन चुके हैं।

सिकंदर रजा की कहानी किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं है। कभी पाकिस्तान एयरफोर्स में फाइटर पायलट बनने का सपना देखने वाले रजा की आँखों ने जब मेडिकल टेस्ट में साथ नहीं दिया, तो उन्होंने क्रिकेट के मैदान को अपनी उड़ान के लिए चुना। आज, जब 39 साल की उम्र में खिलाड़ी अपने संन्यास की योजना बना रहे होते हैं उस उम्र में रजा को अपने टीम की कमान सौंपी गयी है।

एक पाकिस्तानी मूल के खिलाड़ी का जिम्बाब्वे जैसी टीम का नेतृत्व करना आधुनिक खेल की उस खूबसूरती को बयां करता है, जहाँ टैलेंट किसी नेशनलिटी का मोहताज नहीं होता। चयनकर्ताओं ने उन पर भरोसा जताकर यह साफ कर दिया है कि वर्ल्ड कप जैसे बड़े मंच पर अनुभव का कोई विकल्प नहीं है।

अगर टीम के हर विभाग की बात करे तो जिम्बाब्वे ने इस बार 'जोखिम और अनुभव' का एक दिलचस्प कॉकटेल तैयार किया है। वर्ल्ड कप के दबाव को देखते हुए, चयनकर्ताओं ने कुछ साहसिक फैसले लिए हैं जिनमें लेग स्पिन के जादूगर ग्रेम क्रेमर और दिग्गज विकेटकीपर-बल्लेबाज ब्रेंडन टेलर की वापसी शामिल है।

इन पुराने दिग्गजों का लौटना टीम के ड्रेसिंग रूम में आत्मविश्वास भरेगा। वहीं, युवा जोश के तौर पर ब्रायन बेनेट और तदीवानाशे मारुमानी जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। गेंदबाजी का जिम्मा एक बार फिर लंबे कद के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुज़ारबानी और रिचर्ड नगारवा के कंधों पर होगा, जो अपनी रफ्तार से विरोधी बल्लेबाजों को परेशान करने में सक्षम हैं।

जिम्बाब्वे के लिए विश्व कप का सफर बहुत ही मुश्किल होने वाला है। जिम्बाब्वे को ग्रुप बी में ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका जैसी धाकड़ टीमों के साथ रखा गया है, जिसे 'ग्रुप ऑफ डेथ' कहा जा सकता है। लेकिन क्रिकेट अनिश्चितताओं का खेल है, और सिकंदर रजा की अगुवाई वाली यह टीम केवल भागीदारी करने नहीं आ रही है।

9 फरवरी 2026 को जब वे ओमान के खिलाफ कोलंबो में अपना पहला मैच खेलेंगे, तो दुनिया की नजरें उस कप्तान पर होंगी जिसने यह साबित कर दिया है कि अगर हौसला बुलंद हो, तो सियालकोट का लड़का भी जिम्बाब्वे का 'सिकंदर' बन सकता है।

T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए जिम्बाब्वे का स्क्वाड: सिकंदर रजा (कप्तान), ब्रायन बेनेट, रयान बर्ल, ग्रैमी क्रेमर, ब्रेडले इवांस, क्लीवे मडंडे, टीनोटेन्डा मापुसा, तडिवनाशे मरुमनि, वेलिंगटन मसाकाड्जा, टोनी मुनयोगा, टेशिंगा मुसकीवा, ब्लेसिंग मुजारबानी, डिओन मेयर्स, रिचर्ड नगरवा, ब्रेंडन टेलर


Text Size:16px

Comments (0)

No comments yet. Be the first to share your thoughts!