Back to News

Virat Kohli Mission 2026: क्या इस साल टूटेगा सचिन का 100 शतकों का रिकॉर्ड? जानें 'किंग' कोहली का पूरा प्लान!

Will Virat Kohli Score 100 Centuries: क्रिकेट की दुनिया में जब भी रिकॉर्ड्स की बात होती है, तो विराट कोहली का नाम सबसे ऊपर आता है। साल 2025 में अपने बल्ले से धूम मचाने के बाद, अब साल 2026 की शुरुआत के साथ ही क्रिकेट प्रेमियों के मन में बस एक ही सवाल है: क्या 'किंग कोहली' मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के 100 अंतरराष्ट्रीय शतकों के जादुई आंकड़े को इस साल छू पाएंगे?

पिछला साल विराट के लिए किसी सुनहरे सपने से कम नहीं रहा, जहां उन्होंने न केवल भारत को चैंपियंस ट्रॉफी जिताने में अहम भूमिका निभाई, बल्कि IPL 2025 में RCB को उसका पहला ऐतिहासिक खिताब दिलाकर करोड़ों फैंस का सालों का इंतजार भी खत्म किया।

आंकड़ों की बात करें तो विराट कोहली के नाम इस में 84 अंतरराष्ट्रीय शतक दर्ज हैं, जिनमें 53 वनडे, 30 टेस्ट और 1 टी20 शतक शामिल है। सचिन के 'महाशतक' की बराबरी के लिए उन्हें अभी 16 और शतकों की दरकार है। खेल विश्लेषकों का मानना है कि 2026 में इस लक्ष्य को हासिल करना एक अत्यंत कठिन कार्य होगा।

हालांकि टेस्ट क्रिकेट से उनके संन्यास की खबरों ने प्रशंसकों को थोड़ा उदास जरूर किया है, लेकिन वनडे फॉर्मेट पर उनका पूरा ध्यान उनके प्रदर्शन को और भी घातक बना रहा है। 2025 के अंत में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लगातार दो शतक लगाकर उन्होंने यह साफ कर दिया कि उनकी रनों की भूख अभी खत्म नहीं हुई है।

ज़हीर खान जैसे दिग्गजों का मानना है कि यदि विराट अगले दो-तीन साल और खेलते हैं और अपनी फिटनेस को बरकरार रखते हैं, तो 100 शतकों का जादुई आंकड़ा जरूर छू सकते है। लेकिन महज एक साल (2026) के भीतर 16 शतक बनाना किसी चमत्कार से कम नहीं होगा। इसके लिए उन्हें लगभग हर दूसरी या तीसरी पारी में सैकड़ा जड़ना होगा।

हालांकि, 37 साल की उम्र में भी कोहली की बेमिसाल फिटनेस और मैदान पर उनकी ऊर्जा 2016 के युवा विराट जैसी ही नजर आती है। 100 शतकों के अलावा, इस साल उनकी नजरें वनडे में 15,000 रन पूरे करने और कुमार संगकारा के 28,016 रनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बनने पर भी टिकी हैं।

इतना ही नहीं, IPL 2026 में विराट कोहली लीग इतिहास के पहले '9 हजारी' (9000 रन) बनने के बेहद करीब हैं। सुनील गावस्कर के अनुसार, अगर विराट अपनी मौजूदा फॉर्म को बरकरार रखते हैं और न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले जानी वाली सीरीज में 2-3 शतक लगा लेते है, तो 100 शतकों का सफर काफी आसान हो जाएगा।

11 जनवरी से न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरू हो रही सीरीज इस मिशन की अगली बड़ी कड़ी साबित होगी। भले ही 100 शतकों का लक्ष्य इस साल थोड़ा मुश्किल दिख रहा है, लेकिन क्रिकेट के इस महान 'चेज मास्टर' के लिए कुछ भी असंभव नहीं है।

Text Size:16px

Comments (0)

No comments yet. Be the first to share your thoughts!