Back to News

RR IPL 2026: क्या रविंद्र जडेजा होंगे राजस्थान रॉयल्स के नए कप्तान? फ्रेंचाइजी के 'थालापति' हिंट ने सोशल मीडिया पर मचाई खलबली

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के आगामी सीजन से पहले राजस्थान रॉयल्स (RR) के खेमे से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। संजू सैमसन के चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) में ट्रेड होने के बाद, राजस्थान रॉयल्स ने अपने नए कप्तान को लेकर एक बहुत बड़ा संकेत दिया है। रविवार को फ्रेंचाइजी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर स्टार ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) की एक तस्वीर साझा की, जिसके साथ लिखे कैप्शन ने फैंस के बीच अटकलों का बाजार गर्म कर दिया है।

'थालापति' पोस्ट से मिला बड़ा हिंट राजस्थान रॉयल्स ने जडेजा की फोटो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा— "Soon Thalapathy" (जल्द ही थालापति)। तमिल भाषा में 'थालापति' शब्द का अर्थ 'नेता' या 'कमांडर' होता है। खेल जगत के जानकारों और फैंस का मानना है कि इस एक शब्द के जरिए राजस्थान रॉयल्स ने यह साफ कर दिया है कि आईपीएल 2026 में टीम की कमान रविंद्र जडेजा के हाथों में हो सकती है। गौरतलब है कि जडेजा इस साल एक सनसनीखेज ट्रेड डील के तहत चेन्नई सुपर किंग्स छोड़कर वापस अपनी पुरानी टीम राजस्थान रॉयल्स में शामिल हुए हैं।

संजू सैमसन के जाने के बाद राजस्थान के पास कप्तानी के लिए यशस्वी जायसवाल और रियान पराग जैसे युवा विकल्प मौजूद है लेकिन अनुभवी जडेजा के टीम से जुड़ने से टीम इन युवा विकल्प से हटकर जडेजा के बारे में सोच सकती है इसके साथ ही कई क्रिकेट विशेषज्ञों का भी यही मानना है कि टीम को इस समय एक अनुभवी नेतृत्व की जरूरत है। जिसके लिए जडेजा एक सही विकल्प हो सकते है।

बता दे की रविंद्र जडेजा न केवल दुनिया के सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडरों में से एक हैं, बल्कि वह 2008 के पहले आईपीएल सीजन में राजस्थान को खिताब भी जीता चुके है। ऐसे में उनका अनुभव टीम के संतुलन और कप्तानी के दबाव को संभालने में काफी अहम साबित हो सकता है। जडेजा खुद भी नेतृत्व की भूमिका के लिए काफी उत्साहित हैं। अब सभी की निगाहें राजस्थान रॉयल्स के आधिकारिक ऐलान पर टिकी हैं।

इसके अलावा इस बार राजस्थान रॉयल्स को एक नया 'होम ग्राउंड' मिलने की सम्भावना है। समाचार एजेंसी IANS (आईएएनएस) की एक रिपोर्ट के मुताबिक, आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स अपने घरेलू मैच जयपुर के बजाय पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) स्टेडियम में खेल सकती है।

सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) के साथ चल रहे कुछ विवादों और अन्य रणनीतिक कारणों से फ्रेंचाइजी अपना होम ग्राउंड बदलने पर विचार कर रही है। अगर यह डील फाइनल होती है, तो पुणे आईपीएल 2026 के लिए रॉयल्स का नया किला होगा।

Text Size:16px

Comments (0)

No comments yet. Be the first to share your thoughts!