Back to News

NZ T20 World Cup Squad 2026: T20 वर्ल्ड कप के लिए न्यूजीलैंड ने तैयार की 'स्पिन सेना', मिचेल सैंटनर की कप्तानी बरकरार, ऐसी है पूरी टीम

New Zealand T20 World Cup Squad: भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में सात फरवरी से खेले जाने वाली ICC मेंस टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड (NZC) ने 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है।

भारत और श्रीलंका की स्पिन फ्रेंडली विकेट को देखते हुए कीवी टीम ने स्पिन गेंदबाजों पर अधिक भरोसा जताया है। बोर्ड ने स्टार ऑलराउंडर मिचेल सैंटनर को टीम का कप्तान बनाया है।

घरेलू और अंतरराष्ट्रीय में शानदार प्रदर्शन करने वाले तेज गेंदबाज जैकब डफी को टीम में शामिल किया गया है। बता दे की 31 वर्षीय डफी ने साल 2025 में गेंद से बल्लेबाजों को परेशान कर रखा है। 2025 में डफी ने 36 अंतरराष्ट्रीय मैचों में कुल 81 विकेट अपने नाम किए है। जिसके चलते चयनकर्ताओं ने उन पर भरोसा जताया है।

बोर्ड ने भारत और श्रीलंका की पिचों को ध्यान में रखते हुए 'स्पिन-हेवी' टीम का चयन किया है। कप्तान सैंटनर के साथ अनुभवी लेग स्पिनर ईश सोढ़ी स्पिन विभाग की जिम्मेदारी संभालेंगे।

इसके अलावा टीम में माइकल ब्रेसवेल, रचिन रवींद्र और ग्लेन फिलिप्स के रूप में तीन ऐसे खिलाड़ी हैं जो स्पिन ऑलराउंडर की भूमिका निभाते हैं। कोच रॉब वाल्टर का मानना है कि चेन्नई जैसे मैदानों पर, जहां न्यूजीलैंड को अपने शुरुआती मैच खेलने हैं, यह स्पिन तिकड़ी बेहद कारगर साबित होगी।

बोर्ड ने बल्लेबाजी विभाग में अनुभव पर ज्यादा जोर दिया है। टीम में बल्लेबाजी की कमान डेवोन कॉनवे और रचिन रवींद्र के कंधो पर होगी। भारतीय पिचों पर इन दोनों बल्लेबाजों का प्रदर्शन बहुत ही शानदार रहा है। 2023 में खेले गए वनडे वर्ल्ड कप में रचिन रवींद्र ने कुछ शानदार पारिया खेली थी।

वही, डेवोन कॉनवे ने आईपीएल में चेन्नई के लिए शानदार खेल दिखाया था। टीम को इन दोनों सलामी बल्लेबाजों से बहुत ज्यादा उम्मीद है। अब देखना है की क्या यह दोनों बल्लेबाज एशिया की पिचों पर अपने पुराने फॉर्म को जारी रख पाते है की नहीं।

टी20 वर्ल्ड कप के लिए चुनी गयी टीम आल-राउंडर से भरी हुई है। जिसके चलते कीवी टीम के पास बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों ही विभाग में बहुत सारे विकल्प मौजूद है। जिसका फायदा उन्हें इस वर्ल्ड कप में जरूर मिलेगा।

न्यूजीलैंड की टीम इस समय कुछ प्रमुख खिलाड़ियों की चोटों से भी जूझ रही है। कप्तान सैंटनर खुद एडक्टर इंजरी (adductor injury) से उबर रहे हैं, जबकि फिन एलन, मार्क चैपमैन और लॉकी फर्ग्यूसन भी फिटनेस समस्याओं का सामना कर रहे हैं। हालांकि, बोर्ड ने भरोसा जताया है कि टूर्नामेंट शुरू होने तक सभी खिलाड़ी पूरी तरह फिट हो जाएंगे।

एक खास बात यह भी है कि तेज गेंदबाज मैट हेनरी और लॉकी फर्ग्यूसन को टूर्नामेंट के दौरान अल्पकालिक 'पैटर्निटी लीव' दी जा सकती है, क्योंकि उनके घर नन्हा मेहमान आने वाला है। ऐसी स्थिति के लिए काइल जैमीसन को 'ट्रैवलिंग रिजर्व' के तौर पर साथ रखा गया है।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में न्यूजीलैंड को ग्रुप-D में रखा गया है, जहां उनका सामना दक्षिण अफ्रीका, अफगानिस्तान, कनाडा और यूएई से होगा। कीवी टीम अपने अभियान की शुरुआत 8 फरवरी को चेन्नई में अफगानिस्तान के खिलाफ करेगी।

वर्ल्ड कप से ठीक पहले न्यूजीलैंड की टीम भारत के खिलाफ तीन वनडे और पांच टी20 मैचों की सीरीज खेलेगी, जो इस बड़े टूर्नामेंट के लिए उनकी तैयारियों को एक मजबूती प्रदान करेगी।

टी20 वर्ल्ड कप के लिए न्यूजीलैंड की टीम: मिचेल सैंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन, डेवोन कॉनवे, जैकब डफी, लॉकी फर्ग्यूसन, मैट हेनरी, डैरिल मिचेल, एडम मिल्ने, जेम्स नीशम, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रविंद्र, टिम सीफर्ट और ईश सोढ़ी।

ट्रैवलिंग रिजर्व: काइल जैमीसन।

Check ICC Men’s World Cup 2026 Schedule

Text Size:16px

Comments (0)

No comments yet. Be the first to share your thoughts!