Back to News

KKR vs SRH: ईडन गार्डन्स में सनराइजर्स का 'तूफान', कोलकाता को 65 रनों से रौंदकर दर्ज की पहली जीत!

IPL 2026 KKR vs SRH Match Highlights: आईपीएल 2026 के छठे मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को उनके घरेलू मैदान ईडन गार्डन्स में 65 रनों के बड़े अंतर से करारी शिकस्त दी।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी हैदराबाद की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 226 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम को अभिषेक शर्मा और ट्रैविस हेड ने आक्रामक शुरुआत दिलाई। दोनों ने मात्र 34 गेंदों में 82 रनों की तेज़ ओपनिंग साझेदारी की। अभिषेक ने 48 रन और हेड ने 46 रनों की शानदार पारी खेली, हालांकि दोनों ही बल्लेबाज अपने अर्धशतक से चूक गए।

हेड के आउट होने के बाद कप्तान ईशान किशन क्रीज पर आए, लेकिन वह आज कुछ खास नहीं कर सके और Blessing Muzarabani का शिकार बने। Muzarabani ने उसी ओवर में खतरनाक दिख रहे अभिषेक शर्मा को भी पवेलियन भेज दिया।इसके बाद पिछले मैच के हीरो अनिकेत वर्मा क्रीज पर आए, लेकिन इस मुकाबले में वह प्रभाव नहीं छोड़ सके और अनुकूल रॉय का शिकार बन गए।

मध्यक्रम में हेनरिक क्लासेन और नितीश कुमार रेड्डी ने पारी को संभालते हुए टीम को 200 के पार पहुंचाया। क्लासेन ने 52 रनों की बेहतरीन पारी खेली, जबकि रेड्डी ने 24 गेंदों में 39 रन बनाकर टीम को 226 के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। कोलकाता की ओर से Blessing Muzarabani ने 4 विकेट जरूर लिए, लेकिन वह रनगति पर अंकुश नहीं लगा सके।

227 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम दबाव में बिखर गई और पूरी टीम 16 ओवरों में 161 रनों पर सिमट गई। हालांकि टीम की शुरुआत तेज रही। फिन एलन ने पहले ही ओवर में 3 चौके और 2 छक्के लगाकर सनसनी फैला दी, लेकिन वह 7 गेंदों में 28 रन बनाकर हर्ष दुबे का शिकार हो गए।

युवा बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए 52 रनों की जुझारू पारी खेली, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से किसी बड़े बल्लेबाज का साथ नहीं मिला। रिंकू सिंह ने 25 गेंदों में 35 रन बनाकर संघर्ष जरूर किया, लेकिन हैदराबाद के गेंदबाजों के सामने केकेआर का मध्यक्रम ताश के पत्तों की तरह बिखर गया।

SRH की ओर से जयदेव उनादकट ने 3 विकेट झटके, जबकि नितीश रेड्डी और ईशान मलिंगा ने 2-2 विकेट लेकर कोलकाता की कमर तोड़ दी। इस शानदार जीत के साथ सनराइजर्स हैदराबाद ने टूर्नामेंट में अपना खाता खोल लिया है, जबकि केकेआर को अपने घर में मिली इस हार से उबरने के लिए अपनी रणनीति पर फिर से विचार करना होगा।

इस शानदार जीत के साथ सनराइजर्स हैदराबाद ने 2 अंक हासिल (IPL 2026 Points Table) कर लिए हैं और अब वे आईपीएल 2026 की पॉइंट्स टेबल में छठे स्थान पर पहुँच गए हैं। यह जीत हैदराबाद के मनोबल को बढ़ाने वाली है

Text Size:16px

Comments (0)

No comments yet. Be the first to share your thoughts!