ऑस्ट्रेलिया के स्टार बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन ने इंग्लैंड के खिलाफ चल रहे एशेज सीरीज के दूसरे टेस्ट में एक बड़ा कीर्तिमान (वर्ल्ड रिकॉर्ड) अपने नाम कर लिया है। वह डे-नाइट टेस्ट (पिंक बॉल टेस्ट) क्रिकेट के इतिहास में 1000 रन पूरे करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए हैं।
इस ऐतिहासिक रिकॉर्ड को बनाने के लिए लाबुशेन (Marnus Labuschagne) को सिर्फ 42 रनों की जरूरत थी। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ पहली पारी में एक शानदार अर्धशतक (65 रन) जड़ा और इस दौरान 1000 रनों का जादुई आंकड़ा पार कर लिया।
लाबुशेन ने इस रिकॉर्ड को बनाने के लिए मात्र 16 परियों का सहारा लिया। उन्होंने 16 पारी में लगभग 63.93 की औसत से कुल 1023 रन बनाए है। इसमें उनके बल्ले से 4 शानदार शतक और 5 डे-नाईट टेस्ट क्रिकेट में अर्धशतक निकले है।
पिंक बॉल से खेलना बल्लेबाजों के लिए आसान नहीं माना जाता है, खासकर शाम के समय, जब गेंद ज्यादा घूमती और स्विंग होती है। ऐसे मुश्किल हालात में लाबुशेन का यह प्रदर्शन उनकी जबरदस्त काबिलियत और पिंक बॉल पर उनकी खास पकड़ को दिखाता है।
टॉप पर ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज
डे-नाइट टेस्ट (Pink Ball Test) में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में ज्यादातर ऑस्ट्रेलिया के ही खिलाड़ी हैं। लाबुशेन के बाद स्टीव स्मिथ (850), डेविड वॉर्नर (753) और ट्रेविस हेड (752) भी इस लिस्ट में शामिल हैं।
यह रिकॉर्ड बताता है कि लाबुशेन 'पिंक बॉल क्रिकेट के बादशाह' बन गए हैं और आने वाले समय में भी वह इस फॉर्मेट में अपने बल्ले से कई और रिकॉर्ड बना सकते हैं।

Comments (0)