Back to News

कीवी टीम के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान; शुभमन गिल बने कप्तान, चोट के बाद अय्यर की एंट्री

India Squad For IND vs NZ ODI Series 2026: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने आज 3 जनवरी 2026 को न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले जाने वाले तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। इस टीम की सबसे बड़ी खबर युवा बल्लेबाज शुभमन गिल की वापसी है, जिन्हें टीम की कमान सौंपी गई है।

गिल चोट के कारण पिछली दक्षिण अफ्रीका सीरीज का हिस्सा नहीं थे, लेकिन अब वे पूरी तरह फिट होकर नेतृत्व करने के लिए तैयार हैं। उनके साथ ही अनुभवी बल्लेबाज श्रेयस अय्यर की भी वनडे टीम में वापसी हुई है, जिन्हें इस सीरीज के लिए उप-कप्तान नियुक्त किया गया है।

बीसीसीआई के बयान के अनुसार, अय्यर का चयन 'फिटनेस क्लीयरेंस' के आधार पर किया जाएगा। उन्हें मैदान पर उतरने से पहले बीसीसीआई के 'सेंटर ऑफ एक्सीलेंस' (COE) से पूरी तरह फिट होने का प्रमाण पत्र लेना होगा।

बता दे की अय्यर पिछले कुछ समय से चोट से जूझ रहे थे जिसके चलते उन्हें टीम से बाहर रहना पड़ा। अय्यर के टीम में वापसी से टीम को मध्यक्रम की बल्लेबाजी को मजबूती मिलेगी। टीम में सीनियर खिलाड़ी रोहित शर्मा और विराट कोहली भी शामिल हैं, जो शीर्ष क्रम में गिल के साथ अनुभव का तड़का लगाएंगे।

वही, गेंदबाजी विभाग में मोहम्मद सिराज की वापसी हुई है, जबकि अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा और हर्षित राणा तेज गेंदबाजी आक्रमण की जिम्मेदारी संभालेंगे। स्पिन विभाग में कुलदीप यादव, रवींद्र जडेजा और वाशिंगटन सुंदर को जगह मिली है। एक बार फिर से घेरलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ को टीम में जगह नहीं मिली है।

इसके अलावा हार्दिक पांड्या और जसप्रीत बुमराह को आगामी टी20 विश्व कप के मद्देनजर वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत आराम दिया गया है। विकेटकीपर के रूप में ऋषभ पंत और केएल राहुल को चुना गया है। यह सीरीज 11 जनवरी से वडोदरा में शुरू होगी।

न्यूजीलैंड सीरीज के लिए भारतीय वनडे टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान)*, वाशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा, कुलदीप यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह और यशस्वी जयसवाल।


Text Size:16px

Comments (0)

No comments yet. Be the first to share your thoughts!